ऑपरेशन निश्चय: टेमरी नाके पर 5.440 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद/कोमाखान:- ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने टेमरी जांच नाका के पास गांजा तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को कोमाखान पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बाइक पर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने अलर्ट होकर निगरानी शुरू की।
कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल आती दिखी, जिसमें पीछे बैठा व्यक्ति पुलिस चेकिंग देखकर चलती बाइक से कूदकर भाग गया। वहीं बाइक चालक हड़बड़ी में बाइक मोड़कर भागने की कोशिश में गिर गया और पकड़ा गया।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम रामचरण उर्फ यश ठाकुर पिता खेमलाल उम्र 24 साल निवासी पीसेगांव थाना पुलगांव जिला दुर्ग बताया, जबकि फरार आरोपी का नाम रोशन निषाद उर्फ विक्की निवासी चंदखुरी दुर्ग बताया।
बाइक की तलाशी में 5.440 किलो गांजा कीमती 2 लाख 72 हजार रुपये बरामद हुआ। आरोपी कांटाबांजी ओडिशा से गांजा लेकर दुर्ग खपाने जा रहे थे। पुलिस ने गांजा, बिना नंबर की पल्सर बाइक और मोबाइल सहित कुल 3 लाख 65 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर अपराध क्रमांक 151/2026 धारा 20(B)(II)(B) 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।


0 Comments