न्यू क्रिएशन इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षक दिवस एवं जन्माष्टमी की धूम, बच्चों की राधा-कृष्ण प्रस्तुति और शिक्षकों के डांस पर गूंजी तालिया
बसना:- स्थानीय न्यू क्रिएशन इंग्लिश मीडियम स्कूल, देवरी में शिक्षक दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण के बाल स्वरूप में आकर्षक वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। वहीं मटकी फोड़ प्रतियोगिता में भी बच्चों ने बड़े उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
*बच्चों की मांग पर शिक्षकों ने संभाला मंच*
आयोजन का मुख्य आकर्षण उस समय रहा, जब बच्चों की विशेष मांग और उनकी खुशी के लिए शिक्षकों ने स्वयं मंच संभाला। अपने प्रिय शिक्षकों को मंच पर देखकर बच्चे खुशी से झूम उठे। शिक्षकों ने मनोरंजक डांस, सुरीले गीत, प्रेरणादायी संदेश एवं आकर्षक मॉडलिंग की शानदार प्रस्तुतियां दीं। शिक्षकों की प्रस्तुतियों पर पूरे विद्यालय परिसर में तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही और वातावरण उत्साह एवं उल्लास से भर गया।
*गुरु-शिष्य का स्नेहपूर्ण माहौल जरूरी - अतिथि*
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर मंजीत कन्हेर, सरोजनी कन्हेर, इंजीनियर देवेंद्र नायक, ग्राम पंचायत देवरी के उपसरपंच बंटी अग्रवाल एवं पत्रकार खेमराज साहू ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई दी और उनके समर्पण एवं योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि गुरु और शिष्य के बीच स्नेहपूर्ण एवं दोस्ताना माहौल बच्चों के समग्र विकास की मजबूत नींव रखता है।
कार्यक्रम में अपनी विशेष प्रस्तुतियों एवं सक्रिय योगदान से समां बांधने वाले शिक्षकों में प्रमुख रूप से वेदवती नायक, मंजुलता दास, इंद्राणी कानूनगो, सीमा तिवारी, भाग्यसिनी साहु, हिमाद्री चौहान, सुषमा साहू, सत्यभामा कर्री, रेवती यादव, पूर्णिमा थानापति, अंकित प्रधान, जागृति पांडे एवं रिंकी साथपति शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया। शिक्षक दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का यह संयुक्त आयोजन बच्चों, शिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों के लिए यादगार रहा और पूरे उत्साह, उल्लास एवं खुशीमय वातावरण में संपन्न हुआ।




0 Comments