डिजिटल फसल सर्वेक्षण और राजस्व कार्यों में लापरवाही, महासमुंद जिले के 5 पटवारी निलंबित
महासमुंद :- श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा डिजिटल फसल सर्वेक्षण और राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा के बाद जिले के 5 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कारण बताओ नोटिस का जवाब समाधानकारक नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 के DCS (डिजिटल फसल सर्वेक्षण) हेतु PV APP (भौतिक सत्यापन) द्वारा गिरदावरी के लिए पटवारियों को खसरा नंबर आवंटित कर 30/09/2026 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। कार्य प्रारंभ नहीं करने और संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसका जवाब समाधानकारक नहीं पाया गया।
निलंबित पटवारी -
1. श्री उदय प्रकाश राजपूत, प.ह.नं.-02 तहसील बसना - डिजिटल फसल सर्वेक्षण का कार्य प्रारंभ नहीं करने पर।
2. जितेंद्र सिंह बाघ, तहसील सरायपाली - ग्राम पड़कीपाली में शासकीय जमीन को मनमर्जी से दूसरे कृषक के नाम पर अभिलेख में दर्ज करने पर।
3. हरीश चंद्राकर, तहसील महासमुंद - ग्राम बड़गांव में खसरा नंबर की वास्तविक स्थिति छुपाकर दोबारा नामांतरण करने पर।
4. सुश्री कंचन साहू, तहसील बागबाहरा
5. लुकेश यादव, तहसील बागबाहरा - दोनों को डिजिटल फसल सर्वेक्षण का निर्देशानुसार भौतिक सत्यापन नहीं करने पर निलंबित किया गया।
कदाचरण, अनुशासनहीनता तथा कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही के लिए छत्तीसगढ़ भू-अभिलेख नियमावली और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 09 के उपनियम (1)(क) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में संबंधितों का मुख्यालय तहसील कार्यालय नियत किया गया है और नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

0 Comments