नवाखाई पर्व 15 सितंबर को, 18 को छुट्टी देना उचित नहीं : जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने अवकाश तिथि बदलने की मांग की
महासमुंद/बसना :- छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा से जुड़े नवाखाई पर्व की शासकीय अवकाश तिथि में संशोधन की मांग उठी है। बसना विधानसभा के कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि नवाखाई पर्व 15 सितंबर को है, जबकि शासन ने 18 सितंबर को अवकाश घोषित किया है, जो उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष गणेश चतुर्थी के अगले दिन पंचमी तिथि पर 15 सितंबर को नवाखाई पर्व मनाया जाएगा। वहीं 14 सितंबर को तीजा तिहार का उपवास रखा जाएगा और 15 सितंबर को महिलाएं फलाहार कर उपवास पूर्ण करेंगी। इसी दिन नवाखाई भी है। लंबे समय बाद तीजा और नवाखाई का एक साथ संयोग बना है।
मोक्ष प्रधान ने कहा कि जब लोग 15 सितंबर को परंपरा अनुसार नवाखाई मनाएंगे तो 18 सितंबर को अवकाश का कोई औचित्य नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में नवाखाई केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नई फसल, अन्न और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक मेल-मिलाप का पर्व है।
उन्होंने मांग की कि 18 सितंबर के स्थान पर 15 सितंबर को शासकीय अवकाश घोषित किया जाए, ताकि तीजा मनाने वाली माताओं-बहनों और नवाखाई मनाने वाले परिवारों दोनों को लाभ मिल सके और छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति का सम्मान हो सके।

0 Comments