कांच के टुकड़ों के नीचे छिपा था 85 लाख का गांजा, महासमुंद में 170 किलो गांजा के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार
*महासमुंद, 27 अगस्त।* पुलिस ने कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 85 लाख रुपये का गांजा पकड़ा है। NH-353 पर महाराजा ढाबा बिरकोनी के पास घेराबंदी कर 170.75 किलो गांजा के साथ 4 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर 26 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मिनी ट्रक क्रमांक DD 01 M/9023 को रोका। ऊपर से देखने पर ट्रक कांच के टुकड़ों से भरा लग रहा था, लेकिन तलाशी में उसके नीचे 170.75 किलो गांजा छिपा मिला।
पूछताछ में चालक अंकित कुमार यादव (25, रायबरेली, UP) ने बताया कि पीछे स्विफ्ट कार UP 65 BL/9148 में 3 साथी फॉलो कर रहे हैं। पुलिस ने कार को रोककर संतोष गुप्ता (60, भदोही), अविनाश सिंह (43, वाराणसी) और श्याम प्रकाश सोनी (37, वाराणसी) को पकड़ा।
आरोपी गांजा बौद्धगढ़ (उड़ीसा) से फिरोजाबाद (UP) सप्लाई करने जा रहे थे।
*जप्त संपत्ति - 97.03 लाख की*
- 170.75 किलो गांजा - 85 लाख
- मिनी ट्रक - 10 लाख
- स्विफ्ट कार - 2 लाख
- मोबाइल और नगदी
थाना महासमुंद में अपराध क्र. 481/2026 धारा 20(ख) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया


0 Comments