बम्हनीडीह में तुलसीदास जयंती, मानस मंडलियों ने बांधा समां



 बम्हनीडीह में धूमधाम से मनी तुलसीदास जयंती, मानस मंडलियों ने रामचरितमानस से दिया संस्कार और सद्भाव का संदेश

बसना(कुंजराम यादव) :-  राज्य मानस संगठन, युवा रामायण समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम बम्हनीडीह में विकासखंड स्तरीय संत गोस्वामी तुलसीदास जयंती श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल रहीं, जबकि अध्यक्षता कृषि सभापति श्रीमती देवकी दीवान ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मानस संगठन के जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र चौहान, पूर्व कलेक्टर के.एल. चौहान, प्राचार्य मनोहर दीवान, पूर्व सरपंच भोगसिंह दीवान, भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष सोमनाथ पटेल सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम की पूजा और संत तुलसीदास जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद विभिन्न मानस मंडलियों ने भजन और मानस गान की प्रस्तुति दी।

मुख्य अतिथि मोगरा पटेल ने कहा कि तुलसीदास जी ने अनेक कठिनाइयों के बीच रामचरितमानस जैसे महाकाव्य की रचना कर राम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया। यह ग्रंथ आज भी सत्य, धर्म और संस्कार की राह दिखाता है। कृषि सभापति देवकी दीवान ने कहा कि रामचरितमानस समाज को मर्यादा और सद्भाव का संदेश देता है।

समारोह में राम संदेश मानस परिवार लोहड़ीपुर, दिव्य ज्योति नौगेड़ी, गोकुल मानस परिवार पुरुषोत्तमपुर, श्री राघव दर्राभाठा, सीमा मानस भंवरपुर सहित 10 मानस मंडलियों ने मनमोहक प्रस्तुति देकर वातावरण भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नंदकुमार चौहान ने किया और आभार प्रदर्शन शैलेन्द्र चौहान ने किया। आयोजन में लहाराम कर्ष, संतराम निषाद, आत्माराम सिदार, नंदन साव सहित युवा रामायण समिति का विशेष सहयोग रहा।

Post a Comment

0 Comments

Followers

Translate

JSON Variables