शासकीय प्राथमिक शाला खट्टाडीह में नवोदय अभ्यास परीक्षा आयोजित, 100 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
बागबाहरा(हमर CG न्यूज़ - जीत यादव):- ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने तथा नवोदय विद्यालय में प्रवेश के सपने को साकार करने की दिशा में शासकीय प्राथमिक शाला खट्टाडीह द्वारा कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों के लिए ‘लक्ष्य महासमुंद–सफलता की ओर एक कदम’ अभियान के अंतर्गत नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा की अभ्यास परीक्षा आयोजित की गई। इसमें आसपास के विद्यालयों एवं क्षेत्र से आए 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अभ्यास परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के अनुरूप परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना, प्रश्नों को निर्धारित समय में हल करने का अभ्यास कराना, समय-प्रबंधन की समझ विकसित करना तथा मुख्य परीक्षा से पहले तैयारी का आकलन करना रहा।
लक्ष्य महासमुंद–सफलता की ओर एक कदम’ के तहत आयोजन; परीक्षा के साथ लगभग 200 लोगों के लिए हुआ न्योता भोज
परीक्षा में मानसिक योग्यता, अंकगणित, भाषा एवं पर्यावरण से संबंधित प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों की तैयारी को परखा गया। परीक्षा के पश्चात प्राप्तांकों का विश्लेषण कर विषयवार स्थिति एवं सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान की जाएगी।
*परीक्षा के डर को दूर कर आत्मविश्वास बढ़ाना उद्देश्य*
कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य के संबंध में सहायक शिक्षक *अमित कुमार उइके* ने बताया कि ग्रामीण स्तर के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और अभ्यास उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की अभ्यास परीक्षा का उद्देश्य केवल अंक देना नहीं, बल्कि मुख्य परीक्षा से पहले उनके मन से परीक्षा का भय दूर करना, आत्मविश्वास बढ़ाना और अपनी गलतियों से सीखने का अवसर देना है।
*परीक्षा के साथ लगभग 200 लोगों के लिए हुआ न्योता भोज*
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि इसे केवल शैक्षणिक गतिविधि तक सीमित नहीं रखा गया। विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता एवं अभिभावकों, शिक्षकों तथा ग्रामीणों की सहभागिता से न्योता भोज का आयोजन भी किया गया। इसमें लगभग 200 लोगों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई।
*उपसरपंच कुमार चक्रधारी ने किया उत्साहवर्धन*
ग्राम खट्टाडीह के उपसरपंच *कुमार चक्रधारी* ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के लिए बहुत उपयोगी हैं और इससे गांव का नाम रोशन होता है।
*संकुल समन्वयक ने तैयारी को बताया महत्वपूर्ण*
संकुल समन्वयक *राधेश्याम निराला* ने विद्यार्थियों एवं पालकों को प्रतियोगी परीक्षाओं के महत्व के बारे में जानकारी दी और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
*सरपंच ने न्योता भोज को बताया समुदाय को जोड़ने का माध्यम*
ग्राम पटपरपाली की सरपंच *लता कमलेश टांडे* ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने न्योता भोज को समुदाय को जोड़ने का अच्छा माध्यम बताया।
*सोसायटी अध्यक्ष कमलेश टांडे* ने कहा कि अभ्यास परीक्षा के माध्यम से बच्चे मुख्य परीक्षा से पहले अपनी तैयारी की वास्तविक स्थिति जान सकते हैं।
*पालक ने कहा—55 वर्षों में ऐसा आयोजन पहली बार देखा*
ग्राम मामाभांचा के उपसरपंच *कोमल महानंद* ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि उनके जीवन के लगभग 55 वर्षों में उन्होंने ऐसा आयोजन नहीं देखा, जिसमें बच्चों की परीक्षा के साथ-साथ इतने बड़े स्तर पर न्योता भोज का आयोजन किया गया हो।
*प्रधान पाठक ने जताया आभार*
कार्यक्रम के अंत में शासकीय प्राथमिक शाला खट्टाडीह की प्रधान पाठक *श्रद्धा महानंद* ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
*शिक्षकों एवं ग्रामीणों का रहा विशेष सहयोग*
आयोजन को सफल बनाने में सहयोगी शिक्षक *संतोष जलक्षत्री, पूनम निषाद, फिरोज सिंह ठाकुर, दिनेश साहू, कुशल साहू, कन्हैया यादव, खेमिन टंडन, मिलन नेताम, मोहेंद साहू* सहित अन्य की भूमिका रही।
कार्यक्रम में एकता युवा समिति के अध्यक्ष कुमार चक्रधारी सहित *राजेश दीवान, पोखराज दीवान, लक्ष्मीनारायण दीवान, डेगकुमार दीवान, मनीराम साहू एवं स्वीपर तोषण दीवान* का विशेष सहयोग रहा।
इसके अलावा शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष *सोनी साहू, लता साहू* सहित समिति के सभी सदस्यों की उपस्थिति रही।





0 Comments