उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने किया सरायपाली में 178 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने किया सरायपाली में 178 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन



महासमुंद/सरायपाली:- उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं खेल युवा कल्याण विभाग मंत्री श्री अरुण साव ने आज नई मंडी प्रांगण सरायपाली में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में सरायपाली नगर पालिका क्षेत्र के लिए 23 करोड़ 28 लाख 61 हजार रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 154 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।



सरायपाली नगर पालिका क्षेत्र को पेयजल, सामुदायिक भवन, अधोसंरचना और अमृत मिशन सहित विभिन्न विकास कार्यों की मिली बड़ी सौगात



इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल चौहान, छत्तीसगढ़ शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेंद्र नायक, महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया, जिला स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष श्री ऐतराम साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती चंद्र, उपाध्यक्ष श्री हेमंत प्रधान, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जल जीवन मिशन अंतर्गत रेट्रो फिटिंग एवं एकल ग्राम योजना कुल 24 ग्रामों में पेयजल सुविधा के लिए 1818.61 लाख रुपये के कार्यों तथा नगर के विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 510 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया। इसी प्रकार एसटीपी निर्माण से संबंधित 10.21 करोड़ रुपये तथा जल प्रदाय अमृत मिशन 2.0 अंतर्गत 139.55 करोड़ रुपए के विकास कार्य एवं 512 लाख रुपये के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।


इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि कोई भी शुभ कार्य होता है तो इंद्रदेव का आशीर्वाद मिलता है। आज वर्षा के रूप में भी हमें आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। यह पानी देने वाली सरकार है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं।


उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जिस कार्य का भूमिपूजन करती है, उसका लोकार्पण भी हमारी ही सरकार करती है। विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा कर जनता को उसका लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।


उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ साथ अब सरायपाली का विकास भी तीव्र गति से हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरायपाली के विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं होगी। उप मुख्यमंत्री ने सांसद की मांग पर क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ देने की घोषणा की।


सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव द्वारा बिना भेदभाव के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने अमृत मिशन 2.0 की स्वीकृति के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह केवल पानी की योजना नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण सौगात है।

Post a Comment

0 Comments

Followers

Translate

JSON Variables