तुमगांव पुलिस को बड़ी कामयाबी: चोरी के तीन मामलों का पर्दाफाश, 4.53 लाख की संपत्ति बरामद, 9 आरोपी सलाखों के पीछे
महासमुंद/तुमगांव:- जिले की तुमगांव पुलिस ने चोरी के तीन अलग-अलग प्रकरणों का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 4 लाख 53 हजार रुपये से अधिक की चोरी गई संपत्ति बरामद की है और इन मामलों में संलिप्त कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार तीनों प्रकरणों में अलग-अलग तरीके से जांच कर आरोपियों तक पहुंचा गया।
पहला प्रकरण: सूने मकान का ताला तोड़कर जेवरात चोरी
प्रार्थी शंकर भारती निवासी तेंदवाही ने 2 सितंबर 2026 को थाना तुमगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह 8 बजे वह खेत गए थे, दोपहर में लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अलमारी में रखे 7 हजार रुपये नगद, 1.5 तोला चांदी की पायल कीमत करीब 6350 रुपये और सोने के 3 लॉकेट कीमत करीब 9300 रुपये कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया था।
रिपोर्ट पर थाना तुमगांव में अपराध क्रमांक 198/26 धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। मुखबिर की सूचना पर संदेही रोहित आवले पिता पतिराम आवले उम्र 27 साल निवासी तेंदवाही को थाना लाकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। आरोपी ने 2 सितंबर की सुबह करीब 8.30 बजे सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर 3 नग सोने के लॉकेट और एक जोड़ी चांदी की पायल कुल कीमत 15,650 रुपये बरामद की गई। आरोपी को 20 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
दूसरा प्रकरण: वाहन चेकिंग में पकड़ी गई चोरी की दो बाइक, 5 आरोपी गिरफ्तार
26 सितंबर 2026 की सुबह 7 बजे वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने अमावश तिराहा की ओर जा रहे दो बिना नंबर की मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लड़कों को रोका। हीरो पैशन प्रो और हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर के कागजात मांगे जाने पर वे गोलमोल जवाब देने लगे। कड़ाई से पूछताछ पर उन्होंने बताया कि हीरो पैशन प्रो को महाशिवरात्रि मेले के दौरान ग्राम खड़मा से और हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर को अछोली के पिकाडली प्लांट की पार्किंग से चुराया था।
जांच में पाया गया कि सुपर स्प्लेंडर की चोरी की रिपोर्ट प्रार्थी पीला दाऊ साहू निवासी भोरिंग ने पूर्व में दर्ज कराई थी, जिस पर अपराध क्रमांक 163/26 धारा 303(2) बीएनएस दर्ज था। पुलिस ने दोनों बाइक कीमत करीब 50 हजार रुपये जब्त कर थानू पटेल (20), संजय कुमार क्षेत्रपाल (18), कमलेश पटेल (22), सागर कुमार क्षेत्रपाल (27) और रवि साहू (23) सभी निवासी तुमगांव को 26 सितंबर को गिरफ्तार किया।
तीसरा प्रकरण: बेटे ने ही तोड़ा दुकान का ताला, मां के जेवर चुराकर गिरवी रखे थे
प्रार्थी मानिकलाल साहू ने 16 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 सितंबर को वह दुकान में ताला लगाकर खेत गए थे। दोपहर करीब 1 बजे लौटने पर दुकान का ताला टूटा मिला और गल्ले में रखे 5 हजार रुपये गायब थे। घर में मौजूद बेटे शिवम साहू से पूछने पर उसने ताला तोड़कर रकम चुराना स्वीकार किया। इस पर अपराध क्रमांक 209/26 धारा 305(ए) बीएनएस दर्ज किया गया।
17 सितंबर को शिवम साहू से पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ। आरोपी ने बताया कि उसने पूर्व में वर्ष 2023-24 में अपनी मां के सोने के नेकलेस और सोने के झुमके चुराकर गांव के मोहन साहू और टीकेलाल जलक्षत्री के जरिए महासमुंद स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखकर पैसे लिए थे।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 500 रुपये नगद, चोरी में प्रयुक्त लोहे का सरिया, तथा गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखे 2 नग सोने के झुमके कीमत 2,38,000 रुपये और 1 नग सोने का नेकलेस कीमत 1,50,000 रुपये बरामद किया। कुल बरामद मशरूका 3,88,500 रुपये आंका गया। पुलिस ने शिवम साहू (25), टीकेलाल जलक्षत्री (38) और मोहन साहू (32) निवासी खैरझिटी को 17 सितंबर को गिरफ्तार किया।




0 Comments