रायपुर–संबलपुर रेललाइन सर्वे के लिए ₹6.75 करोड़ का प्रावधान, ओडिशा के जनप्रतिनिधियों ने सांसद रूपकुमारी चौधरी का किया अभिनंदन
बसना(रूपानंद साव):-रायपुर से संबलपुर प्रस्तावित रेललाइन के सर्वे कार्य के लिए बजट में 6 करोड़ 75 लाख रुपये का प्रावधान किए जाने पर ओडिशा के बरगढ़ क्षेत्र से जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इसी क्रम में आज भटली विधायक श्री इरासिस आचार्य, भाजपा संगठन के पदाधिकारी, बरगढ़ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक बसना स्थित महासमुंद लोकसभा सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी के निज निवास पहुंचे और उनका अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रायपुर–संबलपुर रेल संपर्क की दिशा में सर्वे के लिए बजट में राशि का प्रावधान दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे क्षेत्र में आवागमन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के नए अवसरों की संभावनाएं मजबूत होंगी।
इस अवसर पर श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने ओडिशा से पहुंचे जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि रायपुर–संबलपुर रेल संपर्क क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और सर्वे के लिए बजट में ₹6.75 करोड़ का प्रावधान होना सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी से दोनों राज्यों के लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
भटली विधायक श्री इरासिस आचार्य ने कहा कि रायपुर–संबलपुर रेललाइन के सर्वे के लिए राशि का प्रावधान पश्चिमी ओडिशा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस रेल संपर्क से बरगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को रायपुर एवं छत्तीसगढ़ के अन्य क्षेत्रों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी द्वारा रेल परियोजना के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए ओडिशा की जनता की ओर से आभार एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान भाजपा संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ओडिशा से आए नागरिक उपस्थित रहे।


0 Comments