सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत महासमुंद के सभी 6 नगरीय निकायों में होंगे विविध जनभागीदारी कार्यक्रम

सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत महासमुंद के सभी 6 नगरीय निकायों में होंगे विविध जनभागीदारी कार्यक्रम



महासमुंद (जीत यादव हमर CG न्यूज़):- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम पर जनभागीदारी आधारित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिले के सभी 6 नगरीय निकायों में सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण, सड़क एवं साइबर सुरक्षा तथा सामाजिक दायित्व से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


इस संबंध में कलेक्टर श्री विनय कुमार लांगेह ने बैठक लेकर कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित नोडल अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



कलेक्टर ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। उन्होंने कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


23 सितंबर को जल स्रोतों की सफाई और वृक्षारोपण

अभियान के प्रथम चरण में 23 सितंबर को जिले के नगरीय निकायों में जल स्रोतों की सफाई एवं संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। तालाब, कुएं एवं अन्य जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता अभियान के साथ वृक्षारोपण किया जाएगा।


24 सितंबर को स्वच्छता, स्वास्थ्य, सड़क और साइबर सुरक्षा पर विशेष आयोजन

24 सितंबर को स्वच्छता अभियान के साथ हेल्थ कैंप आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।


विद्यालय स्तर पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा नगरीय निकाय क्षेत्रों में दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों एवं नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, साइबर ठगी से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।


25 सितंबर को प्लास्टिक मुक्त अभियान

25 सितंबर को जिले में प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति नागरिकों को जागरूक किया जाएगा। कलेक्टर ने कपड़े एवं जूट के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा लोगों को कपड़े और जूट के थैले वितरित करने के निर्देश भी दिए।


2 से 8 अक्टूबर तक मनाया जाएगा ‘दान उत्सव’

2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक ‘दान उत्सव’ के रूप में विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान रक्तदान, देहदान, अंगदान, वस्त्रदान, विद्यादान और कौशलदान जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों के माध्यम से लोगों को सेवा के लिए प्रेरित किया जाएगा।


बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू सहित संबंधित नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments

Followers

Translate

JSON Variables