संस्कारों की पाठशाला में कृष्ण भक्ति और गुरु सम्मान का संगम

देवरी में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस समारोह, राधा-कृष्ण की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र




बसना :- प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी देवरी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं शिक्षक दिवस समारोह बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।



कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों द्वारा राधा-कृष्ण एवं बाल सखाओं की मनमोहक झांकी सजाई गई। डीजे की धुन पर निकाली गई भव्य झांकी पूरे गांव में आकर्षण का केंद्र रही। झांकी को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।



कार्यक्रम की शुरुआत गांव में जगह-जगह मटकी फोड़ आयोजन के साथ हुई। मटकी फोड़ने को लेकर बच्चों एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इसके बाद *मुख्य अतिथि श्रीमती भारती अग्रवाल* द्वारा राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों के पांव धोकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीकृष्ण की आरती की गई तथा सभी के सुख-समृद्धि की कामना की गई।


पूजा-अर्चना के पश्चात विद्यालय परिसर में प्रसादी का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं एवं बच्चों को खीर, पूरी और सब्जी का प्रसाद प्रेमपूर्वक वितरित किया गया।


इस गरिमामय कार्यक्रम में *शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री मुन्नीलाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री विजय साव, कोषाध्यक्ष श्री लोचन साहू, श्री दयानिधि प्रधान, विधायक प्रतिनिधि श्री खेमराज अग्रवाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कमल प्रसाद साहू एवं पत्रकार श्री खेमराज साहू* सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने तथा गुरुजनों का सम्मान करने की प्रेरणा दी। वक्ताओं ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर संस्कारों की पाठशाला है, जहां बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं का ज्ञान भी दिया जाता है। शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।


कार्यक्रम में विद्यालय के *समस्त आचार्य एवं शिक्षिकाओं — श्री लालकृष्ण निषाद, श्री परमानन्द निषाद, श्री गुलशन प्रधान, कु. सुषमा कन्हेर, कु. लक्ष्मी साव, कु. निलेन्द्री मानिकपुरी, कु. तिजेश्वरी साह, श्रीमती अंजली बढ़ाई, श्रीमती कैकिया साहू एवं श्रीमती शशिका निषाद* सहित पालक बंधुओं एवं माताओं की विशेष उपस्थिति और सहभागिता रही।


विद्यालय परिसर में आयोजित सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों को अपने अभिनय और झांकी के माध्यम से प्रस्तुत किया। पूरे दिन विद्यालय परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।


कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य *श्री कमल प्रसाद साहू* ने सभी अतिथियों, पालकों, आचार्यों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति, संस्कार, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।

Post a Comment

0 Comments

Followers

Translate

JSON Variables