सामाजिक बहिष्कार मामले में पुलिस को गवाही देना ग्रामीण को पड़ा भारी, गवाही से भड़के आरोपियों ने घर में घुसकर की मारपीट

सामाजिक बहिष्कार मामले में पुलिस को गवाही देना ग्रामीण को पड़ा भारी, गवाही से भड़के आरोपियों ने घर में घुसकर की मारपीट




बसना/सांकरा (हमर CG न्यूज़ - जीत यादव):- सांकरा थाना अंतर्गत ग्राम पेंड्रावन में एक सामाजिक बहिष्कार की शिकायत में पुलिस को गवाही देना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। गवाही से भड़के आरोपी और उसके पिता ने पीड़ित के घर पहुंचकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार पेंड्रावन निवासी पीड़ित *सुशील डडसेना (36)* ने अपने ही गांव के बुजुर्ग *रसपाल सिदार* द्वारा सामाजिक बहिष्कार और 1.25 लाख रुपये के अवैध जुर्माने के खिलाफ की गई शिकायत में पुलिस के समक्ष निष्पक्ष गवाही दी थी।


इसी बात से नाराज होकर आरोपी *धनुर्जय नेटी* 6 सितंबर 2026 की सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच शराब के नशे में सुशील के घर पहुंचा और "रसपाल के पक्ष में क्यों गवाही दी" कहकर गाली-गलौज करते हुए हाथ, लात व डंडे से मारपीट की। मारपीट में पीड़ित के गले और हाथ में चोटें आईं। भागते समय आरोपी ने सुशील की मोटरसाइकिल का वाइज़र भी तोड़ दिया।


पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उनके खेत में लगे दो बोरवेल एक साथ शॉर्ट सर्किट से खराब हो गए, जिसका संदेह उन्होंने आरोपी पर जताया है। इसके बाद 8 सितंबर 2026 को आरोपी का पिता *कार्तिकराम नेटी* भी पीड़ित के घर पहुंचा और गवाही वापस न लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने व जान से मारने की धमकी दी।


विवाद की जड़ अंतरजातीय विवाह

घटना की मुख्य वजह गांव में अंतरजातीय विवाह के बाद बुजुर्ग रसपाल सिदार और उनके परिवार को सामाजिक रूप से बहिष्कृत कर 1 लाख 25 हजार रुपये जुर्माना मांगने का विवाद है। रसपाल सिदार ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री जनदर्शन में की थी, जिसकी पुलिस जांच में सुशील डडसेना गवाह बने थे।


जांच के बाद FIR दर्ज

मामले की शिकायत पर SDOP पिथौरा द्वारा की गई विस्तृत जांच में आवेदक और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपों की पुष्टि हुई। अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के निर्देश पर सांकरा थाने में आरोपी धनुर्जय नेटी और उसके पिता कार्तिकराम नेटी के विरुद्ध *BNS की धारा 296, 115(2), 351(2), 324(2) और 3(5)* के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

Post a Comment

0 Comments

Followers

Translate

JSON Variables