मारवाड़ी युवा मंच सांकरा द्वारा संत अन्ना स्कूल में वृहद वृक्षारोपण एवं अंगदान जागरूकता प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान
पिथौरा/सांकरा (हमर CG न्यूज़ - जीत यादव):- पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच सांकरा शाखा द्वारा स्थानीय संत अन्ना स्कूल, सांकरा में एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 12वीं (विज्ञान) की छात्रा *चांदनी यादव को 'बेस्ट पोस्टर'* तथा कक्षा 12वीं (विज्ञान) की ही छात्रा *करिश्मा घृतलहरे को 'बेस्ट स्लोगन'* का पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों और शिक्षक गणों की उपस्थिति में परिसर को हरा-भरा बनाने का संकल्प लेते हुए पौधे रोपे गए।
वृक्षारोपण के साथ ही, मंच द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अंगदान जागरूकता अभियान के अंतर्गत पूर्व में आयोजित पोस्टर मेकिंग और स्लोगन मेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्कूल की *प्रिंसिपल सिस्टर रोजिली जॉर्ज और व्याख्याता श्री धनीराम खम्हारी* गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मारवाड़ी युवा मंच के *अध्यक्ष शुभम सिंघल* ने मंच द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं जन जागरूकता अभियानों की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने अंगदान को महादान बताते हुए विद्यार्थियों को समाज में इसके प्रति अलख जगाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, मंच के *सह-सचिव दिनेश अग्रवाल* ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले सभी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके हुनर की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच के कोषाध्यक्ष कमल अग्रवाल, पर्यावरण संयोजक पंकज गोयल, वरिष्ठ सदस्य पंकज अग्रवाल, हर्षित अग्रवाल सहित स्कूल स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


0 Comments