भगत देवरी में सार्वजनिक स्थानों पर आपत्तिजनक लेखन और स्कूल में चोरी से बढ़ी चिंता

भगत देवरी में सार्वजनिक स्थानों पर आपत्तिजनक लेखन और स्कूल में चोरी से बढ़ी चिंता



सांकरा (जीत यादव हमर CG न्यूज़):- ग्राम भगत देवरी में सार्वजनिक स्थानों एवं शैक्षणिक संस्थानों में आपत्तिजनक गाली-गलौज लिखे जाने तथा प्राथमिक शाला से राशन सामग्री की चोरी की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता का माहौल है।



ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर आपत्तिजनक लेखन का मामला पहले भी सामने आया था, लेकिन उस समय इसे नजरअंदाज कर दिया गया। अब दूसरी बार इस प्रकार का लेखन किए जाने से मामले को गंभीरता से लेने की मांग उठ रही है।



जानकारी के अनुसार गांव के हनुमान मंदिर की दीवार के पीछे की तरफ आपत्तिजनक गाली-गलौज लिखी गई है। मुख्य सड़क से लगे यात्री प्रतीक्षालय में भी आपत्तिजनक शब्दों का उल्लेख किए जाने की बात सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों स्थानों पर बाकायदा कुछ लोगों के नाम लिखकर गाली-गलौज का जिक्र किया गया है।


इसी तरह प्राथमिक शाला की खिड़की और दीवार पर, मिडिल स्कूल के दरवाजे, खिड़की एवं दीवार पर तथा हाई स्कूल के गेट के ऊपर भी आपत्तिजनक लेखन किए जाने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल जैसे शैक्षणिक संस्थानों की दीवारों पर इस तरह का लेखन विद्यार्थियों के लिए उचित वातावरण नहीं बनाता।


इसके अलावा प्राथमिक शाला में राशन सामग्री का सामान दूसरी बार चोरी होने की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में सांकरा थाना में आवेदन दिया गया था, लेकिन चोरी के मामले में अब तक कोई स्पष्ट कार्रवाई सामने नहीं आने से लोगों में नाराजगी है।


ग्रामीणों के मुताबिक प्राथमिक शाला और मिडिल स्कूल में बाउंड्री वॉल नहीं होने के कारण शाम के बाद परिसर में असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। उनका आरोप है कि स्कूल परिसर शाम होते ही शराब पीने वालों और नशा करने वालों के आने-जाने का स्थान बन जाता है। कई बार रात 11 से 12 बजे तक लोगों की आवाजाही देखी जाती है।


ग्रामीणों ने सांकरा पुलिस और 112 की रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि गांव में नियमित और प्रभावी रात्रि गश्त की जाए तो चोरी तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है।


ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि स्कूलों में बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए, आपत्तिजनक लेखन को तत्काल हटाया जाए और सार्वजनिक स्थानों की नियमित निगरानी की जाए। साथ ही प्राथमिक शाला से चोरी की घटना की जांच कर जिम्मेदार लोगों का पता लगाने तथा रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई है।

Post a Comment

0 Comments

Followers

Translate

JSON Variables