सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर गोंडी धर्म संस्कृति संरक्षण समिति एवं गोंडवाना संघ की महत्वपूर्ण बैठक
बसना :- आदिवासी भवन, अरेकेल डीपा बसना में बुधवार को गोंडी धर्म संस्कृति संरक्षण समिति एवं छत्तीसगढ़ गोंडवाना संघ द्वारा सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी आयोजनों की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा समाज की संस्कृति, परंपरा एवं धार्मिक विरासत को मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा एवं परिचर्चा की गई।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर प्रमुख निर्णय लिए गए। 22 सितंबर 2026 को सोनाखान में करमडार महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वहीं 24 नवंबर 2026 को सरायपाली में ईशर गवरा विवाह महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक माह पूर्णिमा के अवसर पर जिला एवं ब्लॉक संगठन की बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने में युवा प्रभाग सहित संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मातृशक्ति, पितृशक्ति एवं युवा साथियों से तन-मन-धन से सहयोग करते हुए सामाजिक एकता और सहभागिता को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।
UCC को लेकर जताया विरोध
बैठक में समान नागरिक संहिता कानून (UCC) को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित समाजजनों ने इसे आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं के लिए चिंता का विषय बताते हुए विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज की अपनी विशिष्ट नेंग-जोंग, रीति-रिवाज, प्रथा, परंपरा, बोली एवं भाषा है, जो समाज की विशिष्ट पहचान है। उनका कहना था कि ऐसे कानूनों के प्रभाव से आदिवासी समाज की पारंपरिक व्यवस्था एवं सांस्कृतिक पहचान प्रभावित होने की आशंका है।
समाजजनों ने कहा कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा, रीति-रिवाज एवं धार्मिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। बैठक में सभी की सक्रिय सहभागिता से आगामी कार्यक्रमों को सफल एवं गरिमामय बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में सुदर्शन सिंह ठाकुर (संरक्षक), प्रेम सिंह पोर्ते (जिलाध्यक्ष, गोंडी धर्म संस्कृति संरक्षण समिति), भारतिको सिदार (सचिव), विश्वनाथ हीरा (उपाध्यक्ष), गोकुल पारेश्वर (संरक्षक), दीपक जगत (जिलाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ गोंडवाना संघ), देवी सिंह मांझी (सचिव), श्रवण पोर्ते (बसना ब्लॉक सचिव), शिवलाल बाघ, बलदेव हीरा (ब्लॉक अध्यक्ष, सरायपाली), विजय सिंह नेताम (उपाध्यक्ष), दीपक पोर्ते, राजेन्द्र पोर्ते, शुभ सिंह जगत, कीर्तन सिदार, भगत सिदार सहित समाज के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।

0 Comments