बसना थाना क्षेत्र में विश्वकर्मा विसर्जन के दौरान मारपीट, पति-पत्नी घायल, BNS के तहत मामला दर्ज
बसना (जीत यादव हमर CG न्यूज़):-बसना थाना क्षेत्र के ग्राम पठियापाली में विश्वकर्मा भगवान की मूर्ति विसर्जन झांकी के दौरान आपसी विवाद में एक दंपत्ति के साथ गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही तीन युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पठियापाली में 19 सितंबर 2026 की दोपहर लगभग 1:30 बजे गांव में भगवान विश्वकर्मा जी की मूर्ति का विसर्जन किया जा रहा था। जब विसर्जन झांकी पुरुषोत्तम जगत के घर के पास से गुजर रही थी, तब पुरुषोत्तम अपनी पत्नी निर्मला जगत के साथ घर की छत पर खड़े होकर झांकी देख रहे थे।
इसी दौरान झांकी में शामिल गांव के तीन युवक सुरेश भोई, श्यामलाल नाग और पहाड़ सिंह जगत ने छत पर खड़े पुरुषोत्तम को देखकर "क्या देख रहे हो" कहते हुए अकारण गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब पीड़ित ने नीचे उतरकर गाली देने का विरोध किया, तो तीनों आरोपियों ने एक राय होकर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों व डंडे से हमला कर दिया।
हमले में पीड़ित के दाहिने पैर की एड़ी, पीठ और दोनों जांघों में गंभीर चोटें आईं। पति को गिरता देख जब पत्नी निर्मला जगत बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपियों ने उसके साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसके सीने और हाथ में चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद ग्रामीण रमेश पोर्ते और शोभनी जगत ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पुलिस ने आरोपी सुरेश भोई, श्यामलाल नाग एवं पहाड़ सिंह जगत के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


0 Comments