ग्वालियर में होने वाली अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दम दिखाएंगे बसना के 17 खिलाड़ी, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दी शुभकामनाएं
बसना :- विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसना के 17 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय पटल पर स्थान बनाकर अंचल को गौरवान्वित किया है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित केदार धाम में 22 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय खेल महाकुंभ में विद्यालय के 17 खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
राष्ट्रीय स्तर की इस स्पर्धा के लिए रवाना होने से पूर्व सभी चयनित खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल से सौजन्य भेंट कर मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया।
विधायक ने दिया जीत का मंत्र -
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि बसना अंचल के बच्चों में असीम प्रतिभा है। सीमित संसाधनों के बावजूद जब बच्चे राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचते हैं, तो यह संपूर्ण क्षेत्र के लिए गर्व का विषय होता है। खेल केवल हार-जीत का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, शारीरिक सौष्ठव, टीम भावना और अनुशासन का संचार करता है।
उन्होंने कहा कि मैदान पर परिणाम की चिंता किए बिना शत-प्रतिशत योगदान दें। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ग्वालियर की धरती पर हमारे 17 खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट खेल से बसना नगर, विद्यालय और पूरे छत्तीसगढ़ का परचम लहराएंगे।
विधायक ने विद्यालय प्रबंधन, आचार्यों एवं खेल प्रशिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ संस्कार और खेल के क्षेत्र में बच्चों को तराशने का कार्य अनुकरणीय है।
17 खिलाड़ियों का चयन -
सरस्वती शिशु मंदिर के खिलाड़ियों ने क्षेत्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शानदार कौशल, समन्वय और अनुशासन का परिचय देते हुए यह उपलब्धि दर्ज की है।
चयनित दल में 17 वर्ष आयु वर्ग के 3 बालक खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है, वहीं 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग से 2 अलग-अलग टीमों का चयन किया गया है, जो राष्ट्रीय मंच पर अपनी चुनौती पेश करेंगी।
भेंट के दौरान सभी 17 खिलाड़ियों के चेहरों पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता को लेकर भारी उत्साह देखा गया। खिलाड़ियों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय स्पर्धा में जीत के संकल्प के साथ ग्वालियर रवाना होने का विश्वास दिलाया।

0 Comments