शारदीय नवरात्रि पर सपरिवार शक्ति स्वरूपा के चरणों में नतमस्तक हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल, मां मनसा देवी और मां वनदुर्गा का लिया आशीर्वाद
बसना :- शारदीय नवरात्रि के पावन महापर्व पर बसना विधानसभा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर नजर आ रहा है। क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने धर्मपत्नी सरोज संपत अग्रवाल एवं दोनों पुत्रों सुमित अग्रवाल व अमित अग्रवाल सहित सपरिवार प्रसिद्ध देवी धामों में विधिवत दर्शन-पूजन किया तथा क्षेत्र की प्रगति, अमन-चैन और खुशहाली की कामना की।
मां मनसा देवी मंदिर में पूजा -
विधायक परिवार सर्वप्रथम झगरेनडीह स्थित पौराणिक सिद्ध पीठ मां मनसा देवी मंदिर पहुंचे। वहां वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच मां दुर्गा के स्वरूप मां मनसा देवी की पंचोपचार एवं षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना की। विधायक दंपत्ति व पुत्रों ने दीप प्रज्वलित कर नारियल एवं चुनरी अर्पित करते हुए समस्त बसना विधानसभा परिवार के आरोग्य और सुख के लिए प्रार्थना की।
मां वनदुर्गा मंदिर में आशीर्वाद -
इसके उपरांत विधायक परिवार भतकुंदा स्थित जाग्रत मां वनदुर्गा देवी मंदिर पहुंचे। गर्भगृह में शीश नवाकर आरती उतारी और क्षेत्र के अन्नदाताओं, युवाओं, मातृशक्ति व बुजुर्गों के कल्याण हेतु आशीर्वाद मांगा।
श्रद्धालुओं के लिए सौगात -
मंदिर प्रांगण में जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु भोजन पकाने के लिए पक्के रसोई शेड निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले भक्तों और भंडारा आयोजनों में श्रद्धालुओं को धूप व वर्षा से बचाव के लिए यह ढांचा शीघ्र तैयार कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आदिशक्ति की उपासना समाज में सकारात्मक ऊर्जा, धर्म की रक्षा और जनकल्याण का संबल है। मां वनदुर्गा और मां मनसा देवी क्षेत्र से अंधकार दूर कर ज्ञान और समृद्धि का उजाला फैलाएं। जनसेवा ही सच्ची भगवत-सेवा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष हरप्रसाद पटेल, जिला पंचायत सदस्य जगमोती भोई, पिरदा मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु प्रधान, जिला उपाध्यक्ष इंदल बारिहा, युवा मोर्चा अध्यक्ष दिनेश कश्यप, मां वनदुर्गा समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरा परिसर 'जय माता दी' के जयकारों से गुंजायमान रहा।




0 Comments