बसना में कंसल खाद दुकान का शटर उठाकर चोरी, गल्ले तोड़कर 8 से 9 हजार रुपये पार,चेहरे को तौलिये से ढंककर दुकान में घुसा चोर, मोबाइल की फ्लैश लाइट से गल्ले खंगालता दिखा; वारदात का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिला
बसना(रूपानन्द साव) :- महासमुंद जिले के बसना नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (NH-53) के फोरलेन मार्ग पर बसना एंट्री जेब्रा क्रॉसिंग, बायपास चौक और डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक के नजदीक नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 05 स्थित कंसल खाद दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। 14 और 15 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी गुरुवार की शुरुवात समय करीब 1:30 बजे अज्ञात चोर दुकान का शटर उठाकर अंदर घुसा और विभिन्न गल्लों को तोड़कर उसमें रखे लगभग 8 से 9 हजार रुपये चोरी कर ले गया।
इस चोरी की घटना के बाद बना नगर के व्यापारियों में चिंता और दहशत का माहौल है,लोहे की रॉड से शटर उठाकर दुकान में प्रवेश
सी सी टीवी फुटेज से मिली जानकारी के अनुसार, चोर अपने साथ करीब तीन फीट लंबी लोहे की रॉड लेकर दुकान भीतर आया था। इसी रॉड की मदद से दुकान का शटर ऊपर उठाकर वह अंदर दाखिल हुआ।
कंसल खाद के संचालक द्वारा बताया जा रहा है कि दुकान के बाहर सड़क की दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरे के पास पहुंचकर उसने कैमरे के तार के नजदीक सिरे को काट दिया, ताकि बाहर की ओर से होने वाली निगरानी प्रभावित हो सके। इसके बाद उसने एक राड से शटर को बलपूर्वक उठाकर,उस राड को हाथ में लेकर घुसा ,मानो दुकान में मालिक नजर आये तो हमला कर सके, खाद दुकान के भीतर प्रवेश कर उसने गल्ले को राड से तोड़ चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
तौलिये से ढंका चेहरा, मोबाइल की फ्लैश लाइट से तोड़े गल्ले,चोरी की इस घटना में एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है।
दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात के दौरान की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर ने अपना चेहरा तौलिये से ढंक रखा था।
वह मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट का उपयोग करते हुए दुकान के भीतर राड की नुकीले सिरे के मदद से विभिन्न गल्लों को तोड़ता और उनमें रखी नकदी निकालकर अपनी जेब में भरता दिखाई दे रहा है।
खाद दुकान के संचालक द्वारा बताया गया है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिल चुका है। ऐसे में फुटेज की बारीकी से जांच कर चोर की गतिविधियों, उसके हुलिये और वारदात के तरीके के आधार पर पहचान करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, चेहरे को तौलिये से ढंकने के कारण उसकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
वारदात से पहले रेकी किए जाने की आशंका
दो संदिग्ध मोटरसायकल से उतरकर सीसी टीवी फुटेज में आते दिखे, जिसमें एक के हाथ में रॉड था, खाद दुकान के पास आकर दुकान के बाहर लगे कैमरे के तार को काटने और अंदर प्रवेश करने के तरीके को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि चोर ने वारदात से पहले दुकान की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की रेकी की होगी। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
रात के अंधेरे में दुकान का शटर उठाकर भीतर प्रवेश करना, गल्लों को तोड़ना और नकदी निकालकर जेब में भरना यह दर्शाता है कि आरोपी ने चोरी के दौरान एक हाथ में तीन फिट का राड पकड़ा हुआ था और चोरी करने मोबाइल की रोशनी का सहारा ले रहा था।दुकान के भीतर लगे कैमरों में रिकॉर्ड हुई गतिविधियां मामले की जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकती हैं।
व्यस्त सड़क मार्ग के पास चोरी से व्यापारियों में चिंता
राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के फोरलेन मार्ग और बसना के प्रमुख चौक के नजदीक स्थित दुकान में चोरी की घटना सामने आने से स्थानीय व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।
बसना टाउन में व्यापारियों के बीच रात्रिकालीन सुरक्षा, बाजार क्षेत्र में गश्त और दुकानों की निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा है।
बसना नगर में व्यापारियों का मानना है कि दुकानों की सुरक्षा के लिए पुलिस की नियमित रात्रि गश्त के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी भी जरूरी है।यदि समय रहते ऐसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रह सकती है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की उम्मीद
घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध होने की जानकारी के बाद चोरी का खुलासा होने और आरोपी तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
अब पुलिस जांच में फुटेज का विश्लेषण, घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की पड़ताल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।बसना पुलिस से व्यापारियों की अपेक्षा है कि मामले की गंभीरता से जांच कर चोरी की घटना का जल्द खुलासा किया जाए, चोरी गई रकम की बरामदगी की दिशा में कार्रवाई हो तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बाजार और प्रमुख चौक-चौराहों पर रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए।
फिलहाल, कंसल खाद दुकान में हुई चोरी की यह घटना बसना नगर में व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।
सीसीटीवी फुटेज में दर्ज गतिविधियां जांच को दिशा दे सकती हैं और बसना के व्यापारियों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही आरोपी की पहचान कर मामले का खुलासा करेगी।


0 Comments