बदलाव की कहानी: बागबाहरा में वेटलिफ्टिंग का वातावरण तैयार कर रहे अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी आलोक द्विवेदी
महासमुंद :- शासन द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर शासकीय सेवा में नियुक्ति पाने वाले अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी आलोक द्विवेदी अब बागबाहरा क्षेत्र में वेटलिफ्टिंग खेल का विकास कर रहे हैं।
महासमुंद जिले से 40 किलोमीटर दूर बागबाहरा क्षेत्र में वेटलिफ्टिंग (भारोत्तोलन) खेल का वातावरण तैयार करने, खिलाड़ियों को राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भागीदारी दिलाने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी आलोक द्विवेदी के मार्गदर्शन में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को तैयार किया जा रहा है।
पूर्व कलेक्टर महासमुंद ने खेल की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए खनिज मद से एवं छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुखरी डबरी बागबाहरा एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बागबाहरा में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सामग्री प्रदाय की गई है। जिससे ग्रामीण खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिल रहा है। शिक्षा विभाग में पदस्थ शहीद कौशल यादव पुरस्कार प्राप्त अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी आलोक द्विवेदी द्वारा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए तैयार किया जा रहा है।
इसके साथ ही आलोक द्विवेदी वेटलिफ्टिंग खेल को बढ़ावा देने के लिए द्विवेदी फिटनेस सेंटर बागबाहरा में ग्रामीण एवं शहरी अंचलों के खिलाड़ियों को प्रतिदिन अभ्यास करा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में महासमुंद के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भागीदारी के साथ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने में सफलता हासिल की है।
उत्कृष्ट खिलाड़ी से प्रशिक्षक तक का सफर -
आलोक द्विवेदी अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं तथा छत्तीसगढ़ शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा उन्हें शहीद कौशल यादव पुरस्कार प्रदान किया गया है। 2005 में उन्हें उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शासकीय सेवा में नियुक्ति प्रदान की गई। तब से वे शासकीय कार्य के साथ ही क्षेत्र में क्रिकेट एवं वेटलिफ्टिंग के खिलाड़ी तैयार कर रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर चमके बागबाहरा के खिलाड़ी -
बागबाहरा से राष्ट्रीय खिलाड़ियों में अभव्या ठाकुर, नीहारिका साहू, प्रियांशी एवं कुणाल पटेल शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भागीदारी करने वाले खिलाड़ियों में मनीषा निषाद, अश्वनी चौहान, दामिनी यादव, चंदा ठाकुर, नेहा निषाद, निशा निषाद, देवश्री पटेल, रोशनी दीवान, अंजू साहू, ट्विंकल आवड़े, हेम कुमारी पटेल, दारिनी पनुरिया, राधा पटेल, पायल ध्रुव, धारिणी ध्रुव, उमा शंकर पटेल एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में राज नंदनी पटेल, लोक दामिनी दीवान सहित कई खिलाड़ी शामिल हैं।


0 Comments