राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर निकली बाइक रैली का सरायपाली महासमुंद में स्वागत

राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर निकली बाइक रैली का सरायपाली महासमुंद में स्वागत



महासमुंद/सरायपाली :- राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर निकली बाइक रैली का महासमुंद जिले में आत्मीय स्वागत किया गया। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश लेकर यह रैली आगे बढ़ रही है।



सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली मुख्य परेड में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली निकाली जा रही है। इस वर्ष पहली बार आयोजित इस बाइक रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।



ओडिशा टीम के बाइक राइडर्स का घंटेश्वरी मंदिर तिराहा सरायपाली में शासकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने तिलक एवं आरती के साथ आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक, एसडीओपी सरायपाली चंद्रशेखर परमा तथा शासकीय महाविद्यालय बसना की प्राचार्य संध्या भोई ने बच्चों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।



ओडिशा टीम से आए बाइक राइडर्स निरीक्षक समर सिंह एवं विकास किशोर प्रधान के नेतृत्व में आगे बढ़ रही टीम ने नागरिकों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया और सरदार पटेल जयंती पर गुजरात में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की जानकारी दी।


बाइक रैली ओडिशा सीमा से महासमुंद जिले के थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में प्रवेश कर राष्ट्रीय राजमार्ग से आगे बढ़ते हुए बसना के बाद सांकरा, पिथौरा, झलप चौक, पटेवा होते हुए तुमगांव पहुंची, जहां बच्चों एवं आम नागरिकों ने स्वागत किया। तुमगांव में पुलिस अधीक्षक महासमुंद प्रभात कुमार द्वारा बाइक रैली का स्वागत एवं बाइक राइडरों से परिचय प्राप्त किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक स्वयं उक्त बाइक रैली में शामिल हुए और रैली रायपुर जिले की सीमा की ओर रवाना हो गई।


राष्ट्रीय राजमार्ग में जगह-जगह बच्चों व आम नागरिकों ने रैली का स्वागत किया। संपूर्ण कार्यक्रम में करीब 600 छात्र-छात्राएं, आम नागरिक एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

Post a Comment

0 Comments

Followers

Translate

JSON Variables