बसना में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण, उमड़ा जनसैलाब

बसना में भारत रत्न डॉ. अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण, सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया लोकार्पण




बसना(रूपानंद साव) :-सरायपाली बाईपास मुख्य मार्ग स्थित बसना में रविवार को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी रहीं, जबकि अध्यक्षता बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने की। प्रतिमा अनावरण के साथ पूरा परिसर जय भीम और जय भारत के नारों से गूंज उठा।




कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. खुशबू अभिषेक अग्रवाल, उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, समस्त पार्षदगण, नगर पंचायत अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


*बाबा साहेब के विचार आज भी देश को दे रहे दिशा : रूपकुमारी चौधरी*

सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि बसना में आदमकद प्रतिमा का अनावरण केवल प्रतिमा का अनावरण नहीं, बल्कि संविधान, स्वाभिमान और समानता के मूल्यों का सम्मान है। बाबा साहेब ने शिक्षा, संगठन और संघर्ष का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी। उन्होंने विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल एवं नगर पंचायत टीम को स्थापना व सौंदर्यीकरण के लिए बधाई दी।


*यह चौक अब बनेगा प्रेरणा स्थल : डॉ. सम्पत अग्रवाल*

विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने कहा कि आज बसना के लिए ऐतिहासिक दिन है। बाबा साहेब ने समाज को शिक्षा, समानता और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का मार्ग दिखाया। यह प्रतिमा नगर के गौरव को बढ़ाएगी और युवाओं को प्रेरणा देगी। यह चौक अब प्रेरणा स्थल के रूप में जाना जाएगा।


*नगरवासियों की भावनाओं का सम्मान : सीएमओ सूरज सिदार*

सीएमओ सूरज सिदार ने कहा कि मुख्य मार्ग पर प्रतिमा स्थापना नगर पंचायत का संकल्प था, जो आज पूर्ण हुआ है। भविष्य में इस स्थान को आदर्श प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।


कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष शीत गुप्ता ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ नेता डॉ. एनके अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, निर्मल दास, विकास बाधवा, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, पार्षदगण एवं भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments

Followers

Translate

JSON Variables