राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बसना पहुंचीं रूपकुमारी चौधरी, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत, मंडी में उमड़ा जनसैलाब
बसना(रूपानंद साव):- भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बसना आगमन पर कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भव्य स्वागत किया। रायपुर से बसना तक जगह-जगह फूल-मालाओं, आतिशबाजी और जय श्रीराम के नारों से उनका अभिनंदन किया गया।
रायपुर में भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश नेतृत्व द्वारा अभिनंदन के बाद वे बसना के लिए रवाना हुईं। रास्ते में आरंग, घोड़ारी चौक, तुमगांव, पटेवा, झलप, पिथौरा, सांकरा और देवरी में कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया।
बसना में जनपद चौक से ही स्वागत का सिलसिला शुरू हुआ। बैंड-बाजे, कीर्तन मंडली, कर्मा पार्टी और आतिशबाजी के साथ विभिन्न समाजों ने स्वागत किया। कश्यप मेडिकल के सामने पटेल अघरिया समाज ने मिठाइयों से तुलादान कर अभिनंदन किया, वहीं शहीद वीर नारायण सिंह चौक पर व्यापारियों ने आतिशबाजी के साथ स्वागत किया।
मंडी प्रांगण में मुख्य स्वागत समारोह आयोजित हुआ। भाजपा महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि धनापाली गांव से जिला पंचायत सदस्य के रूप में सफर शुरू कर विधायक, संसदीय सचिव और सांसद के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बसना और महासमुंद के लिए गौरव है। यह भाजपा की कार्यकर्ता-केंद्रित विचारधारा की ताकत है।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि रूपकुमारी चौधरी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया।
स्वागत से अभिभूत रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि बसना में मिला प्यार वे जीवनभर नहीं भूलेंगी। उन्होंने कहा कि मैं एक साधारण परिवार की बेटी हूं, पंचायत से राजनीति शुरू हुई। यह केवल भाजपा में संभव है कि सामान्य महिला कार्यकर्ता को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिले। प्रधानमंत्री मोदी के नारी सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान के संकल्प को महिला मोर्चा के माध्यम से हर बूथ तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बसना ने उन्हें विधायक और सांसद बनाया, अब वे बसना और छत्तीसगढ़ का नाम पूरे देश में रोशन करेंगी।



0 Comments