घर में घुसकर टंगिया से हमला, युवक के सिर में गंभीर चोट और हाथ की उंगली टूटी; आरोपी अब तक फरार
महासमुंद/पिथौरा :- ग्राम पंचायत भुरकोनी के आश्रित ग्राम जगदलाला में घर में घुसकर टंगिया से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी गिरधारी चक्रधारी ने अजय चक्रधारी पिता प्रमोद चक्रधारी के घर में घुसकर टंगिया से हमला कर दिया। इस हमले में अजय चक्रधारी के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि उसके हाथ की एक उंगली टूट गई है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
बताया जा रहा है कि हमला इतना गंभीर था कि यदि समय रहते आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर अजय को नहीं बचाया होता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है।
केस दर्ज, आरोपी फरार
मामले में पिथौरा पुलिस ने आरोपी गिरधारी चक्रधारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। लेकिन घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे पीड़ित पक्ष में भारी नाराजगी है।
*पीड़ित परिवार ने लगाई सुरक्षा की गुहार*
पीड़ित पक्ष का कहना है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहा है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
परिजनों ने कहा कि आरोपी के फरार रहने से परिवार को अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो दोबारा किसी अप्रिय घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।



0 Comments