नेटवर्क की बदहाल व्यवस्था से ग्रामीण हलाकान, भगत देवरी सहित आसपास के गांवों में Jio-Airtel कमजोर
बसना/सांकरा :- ग्राम भगत देवरी सहित आसपास के गांवों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों के अनुसार Jio और Airtel का मोबाइल टावर नारायणपुर में स्थित है, इसके बावजूद भगत देवरी और आसपास के गांवों में नेटवर्क की स्थिति कमजोर बनी हुई है। खासकर घरों के अंदर मोबाइल नेटवर्क नहीं आने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नारायणपुर में मोबाइल टावर होने के बावजूद घरों के अंदर नहीं पहुंच रहा नेटवर्क, ग्रामीणों ने अधिकारियों से संज्ञान लेने की मांग की
ग्रामीणों का कहना है कि जरूरी फोन कॉल करने या प्राप्त करने के लिए कई बार घर से बाहर निकलकर खुले स्थान पर जाना पड़ता है। नेटवर्क कमजोर होने के कारण कॉल बीच में कटने, आवाज स्पष्ट नहीं आने तथा इंटरनेट की गति बेहद धीमी होने जैसी समस्याएं बनी रहती हैं।
इससे विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल भुगतान, बैंकिंग और अन्य ऑनलाइन कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक समस्या केवल भगत देवरी तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के कई गांवों में भी Jio और Airtel की नेटवर्क सेवा अपेक्षित रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
ग्रामीणों ने Jio और Airtel के संबंधित अधिकारियों से नारायणपुर स्थित टावर की तकनीकी जांच कराने तथा नेटवर्क कवरेज में सुधार करने की मांग की है। साथ ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से भी मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की गई है।


0 Comments