महासमुंद पुलिस की अंतर्राज्यीय कार्रवाई: आंध्र प्रदेश से साइबर ठग गिरोह का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद/बसना :- साइबर अपराध पर शिकंजा कसते हुए महासमुंद पुलिस ने आंध्र प्रदेश के पोलावरम से साइबर ठगी नेटवर्क के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मामला थाना बसना के अपराध क्रमांक 452/2026 का है। प्रार्थी राजकुमार ताण्डी निवासी मनकी ने 20 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ओडिशा निवासी सुनील दुर्गा और थिमोथी छतरिया ने ग्रामीणों को 1500 से 20 हजार रुपये कमीशन का लालच देकर बैंक खाते खुलवाए थे। खाता खुलने के बाद वेरिफाई कराने के बहाने एटीएम, पासबुक, चेकबुक और सिम लेकर साइबर अपराधियों को बेच दिया।
जांच में खुलासा हुआ कि ये खाते आंध्र प्रदेश निवासी बी. लक्ष्मणा और चंद्राराव के कहने पर खोले जा रहे थे, जिनका इस्तेमाल साइबर फ्रॉड, शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग में पैसों के लेन-देन के लिए किया जा रहा था।
इसी आधार पर बसना पुलिस ने आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में दबिश देकर 02 अक्टूबर को मुख्य आरोपी बी. लक्ष्मणा डोरा (30) पिता बप्पी राजू निवासी बोडीगुडेम, पोलावरम को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के पास से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किया है। इस मामले में पूर्व में सुनील दुर्गा, थिमोथी छतरिया और हेमलाल चौहान को गिरफ्तार किया जा चुका है।


0 Comments