सांकरा में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ अग्रसेन जयंती महोत्सव; संध्या में सुंदरकांड व श्याम भजन रहे मुख्य आकर्षण

सांकरा में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ अग्रसेन जयंती महोत्सव; संध्या में सुंदरकांड व श्याम भजन रहे मुख्य आकर्षण


पिथौरा/सांकरा :- स्थानीय अग्रवाल समाज द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रवाल सभा के संरक्षक श्री कैलाश चंद्र अग्रवाल, श्री विनोद सिंघल व श्री जयप्रकाश गोयल, अध्यक्ष श्री देवी दयाल गर्ग, उपाध्यक्ष श्री राजकुमार अग्रवाल, सचिव श्री रोहतास गोयल एवं कोषाध्यक्ष श्री श्रीनिवास अग्रवाल द्वारा गरिमामयी उपस्थिति में ध्वजारोहण कर किया गया। इसके पश्चात समाजजनों ने आदिपुरुष महाराजा अग्रसेन जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।


जयंती के पावन अवसर पर नगर में एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान निकाली गई आकर्षक बाइक और कार रैली ने पूरे नगर को अग्र मय कर दिया। शोभायात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र रथ पर सवार नन्हे-मुन्ने बच्चे रहे, जिन्होंने महाराजा अग्रसेन और माता दुर्गा के मनमोहक स्वरूप धारण कर रखे थे। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया।


सायंकालीन सत्र में आध्यात्मिक माहौल के बीच सुंदरकांड पाठ और भव्य 'श्याम भजन संध्या' का आयोजन किया गया, जिसमें सुमधुर भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और भक्ति रस का भरपूर आनंद लिया।


उत्सव के अंतिम चरण में अग्रवाल सभा द्वारा गरिमापूर्ण पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें समाज की विभिन्न विधाओं व परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं समाज के गौरवों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस पूरे महोत्सव को भव्यता प्रदान करने और सफल बनाने में अग्रवाल महिला मंडल और अग्रवाल युवा मंच के पदाधिकारियों व सदस्यों की सक्रिय सहभागिता और सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

0 Comments

Followers

Translate

JSON Variables