अनुकंपा नियुक्ति वाले उच्च शिक्षित कर्मचारियों को कौशल परीक्षा से मिले छूट और कंप्यूटर/तकनीकी डिग्रियों को मिले समकक्षता: तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ
दुर्ग :- छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ (जिला शाखा-दुर्ग) द्वारा अनुकंपा नियुक्ति के आधार पर सेवा दे रहे उच्च शिक्षित कर्मचारियों के हितों के संरक्षण हेतु शासन का ध्यान आकर्षित करते हुए ज्ञापन सौंपा गया।
संघ के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव (छत्तीसगढ़ शासन) एवं सचिव (सामान्य प्रशासन विभाग) के नाम कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में DCA, BCA, PGDCA, COPA, MOAM एवं BE धारियों की योग्यता को पद के समकक्ष मानकर वार्षिक व प्रोत्साहन वेतन वृद्धि स्वीकृत करने की मांग की गई है।
प्रमुख मांगे -
1. टाइपिंग/कौशल परीक्षा से मुक्ति - विभिन्न शासकीय विभागों में अनुकंपा आधार पर नियुक्त उच्च शिक्षित कर्मचारी अपनी पूरी निष्ठा व क्षमता के साथ शासकीय कार्य संपादित कर रहे हैं। संघ ने मांग की है कि ऐसे कर्मचारियों को बार-बार या अनिवार्य रूप से आयोजित की जाने वाली टाइपिंग और कौशल परीक्षा (Skill Test) से पूर्णतः छूट प्रदान की जाए।
2. तकनीकी डिग्रियों की समकक्षता और वेतन वृद्धि - अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त कई कर्मचारी DCA, BCA, PGDCA, COPA, MOAM, B.E. आदि जैसी उच्च शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यताएं धारण करते हैं। इन अर्हताओं को संबंधित पदों के समकक्ष मान्य कर वार्षिक वेतन वृद्धि एवं प्रोत्साहन वेतन वृद्धि तुरंत स्वीकृत की जाए।
संघ के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले कर्मचारी विषम परिस्थितियों में शासन की सेवा में आते हैं और कई आधुनिक तकनीकी शिक्षा से सुसज्जित हैं। उनकी योग्यताओं को मान्यता देने से मनोबल बढ़ेगा और प्रशासनिक दक्षता में सुधार होगा।
ज्ञापन की प्रतियां सचिव (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग), सचिव (वित्त विभाग), संभागायुक्त दुर्ग, संयुक्त संचालक (कोष, लेखा एवं पेंशन), जिला कोषालय अधिकारी दुर्ग, कार्यपालन अभियंता (लोक निर्माण विभाग, पीएचई, जल संसाधन, आरईएस), जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), अनुविभागीय अधिकारी (दुर्ग/धमधा/पाटन), तथा तहसीलदार (दुर्ग/धमधा/पाटन/भिलाई-3/अहिवारा/बोरी) को प्रेषित की गई हैं।
इसके अतिरिक्त संघ के प्रांतीय नेतृत्व पवन शर्मा (प्रांताध्यक्ष), विजय लहरे (प्रांतीय महामंत्री), प्रदीप बाबा चौहान (वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष) एवं आनंद श्रीवास्तव (संभागीय अध्यक्ष) को भी प्रतिलिपि प्रेषित की गई है।



0 Comments