बड़े टेमरी में खूनी झगड़ा: जैक रॉड से पीट-पीटकर पति ने की पत्नी की हत्या

बड़े टेमरी में खूनी झगड़ा: जैक रॉड से पीट-पीटकर पति ने की पत्नी की हत्या



बसना:- थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े टेमरी में रविवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली विवाद के बाद पति ने ट्रैक्टर की जैक रॉड से अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना रात करीब 8:30 बजे की है।


मृतका की पहचान सुभाषिनी साव पति बालक राम साव (45) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रविवार रात सुभाषिनी साव खाना खाने के बाद घर के किचन में पोछा लगा रही थी। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर पति बालक राम साव ने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर की जैक रॉड उठा ली और पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।


गंभीर चोट लगने से महिला किचन में ही गिरकर बेहोश हो गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर बसना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।



मानसिक रूप से बीमार था पति

परिजनों के अनुसार आरोपी बालक राम साव की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। उसका पिछले डेढ़ साल से रायपुर में इलाज चल रहा था। मानसिक स्थिति बिगड़ने पर वह कई बार पत्नी के साथ मारपीट पर उतारू हो जाता था। परिजनों ने बताया कि वह कभी-कभी पत्नी को फावड़ा-कुदारी से मारने की बात कहता था। इसी आशंका से परिवार ने सभी कृषि उपकरण एक कमरे में ताला लगाकर रखे थे, लेकिन रविवार को ट्रैक्टर की जैक रॉड बाहर ही रह गई और वही हत्या का कारण बन गई।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments

Followers

Translate

JSON Variables