चारभाठा में भूमिदानदात्री के वंशजों ने किया शिक्षकों का सम्मान तो सिरशोभा में बच्चों को भेंट किया गया पहाड़ा

जिले में हर्षोल्लास से मना शिक्षक दिवस, चारभाठा में भूमिदानदात्री के वंशजों ने किया शिक्षकों का सम्मान तो सिरशोभा में बच्चों को भेंट किया गया पहाड़ा



सरायपाली :- जिले में शिक्षक दिवस का पर्व हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चारभाठा, विकासखंड सरायपाली और शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में शिक्षक दिवस पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह आयोजित किए गए।


*चारभाठा में आयोजन*




शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चारभाठा में कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं धूप-दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं गुरुजनों के सम्मान में कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।



कार्यक्रम में विद्यालय के *प्राचार्य नरेश कुमार पारेश्वर* सहित *समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं* ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं संस्कारों के पालन की प्रेरणा दी।



पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी विद्यालय हेतु भूमिदान दात्री *स्वर्गीय श्रीमती हारा बाई साहू के वंशज राजेंद्र साहू* सहित ग्राम के सक्रिय सदस्य *मलय साहू, पूर्णचंद साहू, ठंडा राम साहू* द्वारा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को गमछा भेंट कर सम्मान किया गया और सभी शिक्षकों से सेवानिवृत्ति तक चारभाठा में ही सेवा देने का निवेदन किया गया।



विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा भी समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का छायाचित्र, पेन एवं गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के *अध्यक्ष केशव बेहरा, उपाध्यक्ष जय लाल पटेल, पूर्व सेवानिवृत्त प्राचार्य, विद्यालय प्रबंधन समिति के समस्त सदस्य, अभिभावकगण एवं समस्त विद्यार्थी* विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों को समाज एवं राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए उनके अमूल्य योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन विद्यार्थियों द्वारा किया गया तथा अंत में आभार व्यक्त किया गया।


*सिरशोभा में आयोजन*



शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान की देवी मां सरस्वती, भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर तिलक-चंदन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।



इस अवसर पर *शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती बिलासिनी चौहान, स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती दुवास मोती, पालक श्रीमती कामिनी भोई, रसोइया समूह, आंगनवाड़ी के बच्चे एवं समस्त विद्यार्थी* उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं बच्चों द्वारा *प्रधान पाठक दुर्वादल दीप, सहायक शिक्षक राजकुमार भोई एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती उत्तरा नायक* का तिलक-चंदन कर नारियल, डायरी, पेन एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।


प्रधान पाठक दुर्वादल दीप ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला, सहायक शिक्षक राजकुमार भोई ने गुरु की महिमा एवं डॉ. राधाकृष्णन के योगदान पर जानकारी दी, वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती उत्तरा नायक ने बच्चों को गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।


कार्यक्रम में बच्चों के लिए खीर, पूड़ी, बूंदी, सेव एवं चॉकलेट के साथ नेवता भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान *आराध्या स्पोर्ट्स एवं स्टेशनरी के संचालक कैलाश प्रधान* द्वारा बच्चों के गणितीय विकास हेतु विद्यालय के *सभी बच्चों को पहाड़ा* भेंट किया गया। विद्यालय परिवार ने उनके इस सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments

Followers

Translate

JSON Variables